
जोबट। चोरी, नकबजनी, लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ जोबट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों छगन बघेल एवं सुमजी मोहनिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से चोरी-नकबजनी का मशरूका, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल तथा ताले व अन्य सामान तोड़ने के लिए उपयोग किए जाने वाले उपकरणों से भरा बैग बरामद किया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खपाने वाले व्यक्ति की भी तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आशुतोष पटेल के नेतृत्व में अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
गणेश मंदिर के सामने चोरी करते पकड़े गए थे आरोपी
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त की मध्यरात्रि को जोबट के गणेश मंदिर के सामने फरियादी तुकाराम धुले के सूने मकान का ताला तोड़कर चार आरोपी अंदर घुसे थे। आरोपियों ने अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी एवं घरेलू सामान चोरी करने का प्रयास किया। खटपट की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
भीड़ को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पानसिंह, सुमजी और छगन को लोगों ने घेरकर पकड़ लिया, जबकि दिलीप मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस के पहुंचने पर तीनों आरोपी घायल अवस्था में मिले, जिन्हें उपचार के लिए शासकीय चिकित्सालय जोबट में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान आरोपी पानसिंह पिता लक्ष्मण अजनार की घबराहट के कारण हार्ट फेल होने से मृत्यु हो गई।
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार उपचार के दौरान पूछताछ में आरोपी छगन बघेल और सुमजी मोहनिया ने जोबट सहित आसपास के क्षेत्रों में चोरी एवं नकबजनी की कई वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा अन्य थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी जानकारी देकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में उदयगढ़, आम्बुआ, कुक्षी, बड़वानी, बाग सहित गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों में भी चोरी, नकबजनी और लूट की वारदातों की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
वारदात में इस्तेमाल आधुनिक उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपी छगन बघेल के कब्जे से एक काले रंग का बैग बरामद किया है। इसमें हाइड्रोलिक क्रिम्पिंग टूल, INGCO कंपनी की बैटरी वाली ड्रिल मशीन, 14 एमएम बिट, लोहे का सब्बलनुमा पाना, पेचकस और हाथ के ग्लव्स सहित अन्य सामान मिला। इसके अलावा फरियादी के घर से चोरी किया गया सामान एवं दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी का माल बेचने वाले एक अन्य व्यक्ति का नाम भी बताया है, जिसे प्रकरण में आरोपी बनाया गया है और जिसकी तलाश की जा रही है।
इन बड़ी वारदातों से जुड़ रहे तार
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों द्वारा 14-15 अगस्त की रात जोबट बायपास रोड स्थित हीरो शोरूम के सामने एक मकान की खिड़की के सरिए काटकर अंदर घुसने और सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी करने की वारदात में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इस मामले में थाना जोबट में अपराध क्रमांक 342/2026 दर्ज है।
इसी प्रकार 27 अगस्त को गणेश मंदिर के सामने तुकाराम धुले के मकान में चोरी के संबंध में थाना जोबट में अपराध क्रमांक 357/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 19-20 अगस्त की मध्यरात्रि कुक्षी थाना क्षेत्र में हथियारों के साथ मकान में घुसकर परिवार के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी लूटने की घटना में भी आरोपियों की भूमिका सामने आई है। इस मामले में थाना कुक्षी में अपराध क्रमांक 362/2026 दर्ज है।
इसके अलावा बड़वानी जिले के पानसेमल क्षेत्र में 28 जून को हुई चोरी की वारदात सहित अन्य घटनाओं में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
पुरानी डकैती के मामलों से भी जुड़े तार
पुलिस के अनुसार मृतक आरोपी पानसिंह के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर अपराध दर्ज रहे हैं। वर्ष 2024 में जोबट कस्बे में एक सराफा व्यापारी की दुकान में हथियारों के बल पर डकैती डालकर करीब 7 किलोग्राम चांदी के आभूषण ले जाने के मामले में थाना जोबट में अपराध क्रमांक 281/2024 दर्ज है।
वहीं वर्ष 2017 में रणबयड़ा घाट में गुजरात के एक दंपती से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण की डकैती तथा उसी दिन बाग रोड पर जोबट के एक दंपती के साथ डकैती की घटनाओं के संबंध में भी अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध इंदौर, धार, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ सहित गुजरात और महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी, लूट एवं डकैती के कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन सभी मामलों में आरोपियों की भूमिका की तस्दीक कर रही है।
ये आरोपी गिरफ्तार/फरार
1. छगन पिता वेगन बघेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम घोघसिंया, थाना जोबट।
2. सुमजी पिता वेरसिंह मोहनिया, उम्र 45 वर्ष, निवासी पटेल फलिया, ग्राम ढेलवानी, थाना बाग।
3. पानसिंह पिता लक्ष्मण अजनार, उम्र 40 वर्ष, निवासी पटेल फलिया, ग्राम ढेलवानी, थाना बाग — मृतक आरोपी।
4. दिलीप, निवासी अखाड़ा, थाना बाग — फरार।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कुख्यात गिरोह के आरोपियों को पकड़ने और चोरी का सामान व वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद करने में थाना प्रभारी जोबट निरीक्षक विजय वास्कले के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्रवाई में सउनि केरसिंह भुरिया, प्रधान आरक्षक 367 जगदीश, आरक्षक 74 गजेन्द्र, आरक्षक 530 रविन्द्र, आरक्षक 273 विशाल, आरक्षक 643 संतोष तथा आरक्षक 112 रजत का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने इस कार्रवाई में सहयोग करने वाली जोबट कस्बे की आम जनता की भूमिका की भी सराहना की है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से अभी भी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर अन्य थाना क्षेत्रों में हुई वारदातों का खुलासा तथा चोरी के शेष माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
