सिंगरौली: जिले के जियावन थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। देवसर क्षेत्र की खाखन नदी में तेज बहाव के दौरान मोटरसाइकिल सवार दंपति के बहने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दंपति बाइक से नदी के पानी को पार करने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और दोनों पानी में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही देवसर उपखंड अधिकारी सौरभ मिश्रा, राजस्व विभाग की टीम, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डॉ. गायत्री तिवारी और जियावन थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दंपति की तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। लगातार बारिश और बेकाबू पानी के बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी मुश्किलें सामने आ रही हैं।
