नेपाल बाढ़: 287 भारतीय नागरिक लापता, 88 भारतीय नागरिकों को बचाया गया

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद वहां 287 भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं तथा शनिवार को चार और लोगों को बचाये जाने के बाद सुरक्षित बचाये गये भारतीय नागरिकों की संख्या बढकर 88 हो गयी है।

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि बाढ़ के कारण चीन के क्षेत्र में फंसे 120 भारतीय नागरिक आज वहां से जमीन के मार्ग से होते हुए नेपाल पहुंच गये।

मंत्रालय ने बताया कि आज चार भारतीय नागरिकों को रसुवा में एक जलविद्युत परियोजना से बचाया गया। उनके शीघ्र ही काठमांडू पहुंचने की उम्मीद है। इनके नाम रिपु कुमार, चनेश्वर नरजारी, कृपा शंकर और मोहम्मद मिनहाजुद्दीन है।

राहत और बचाव कार्यों में भारत के सहयोग का उल्लेख करते हुए मंत्रालय ने कहा है कि भारत से छह फोरेंसिक विशेषज्ञ टीमों के आज काठमांडू पहुंचने की उम्मीद है, जिससे कि मृत लोगों के पार्थिव शरीरों के अवशेषों की पहचान के लिए डीएनए नमूनों के विश्लेषण में सहायता की जा सके।

इसके अलावा सुरंग बचाव के लिए एक विशेष तकनीकी टीम कल काठमांडू पहुंची और प्रभावित क्षेत्र में सुरंग बचाव में सहायता के लिए आज से काम शुरू कर दिया। उनकी सिफारिश के आधार पर, उपकरणों के साथ भारत की एक विशेष सुरंग बचाव टीम के आज नेपाल पहुंचने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि विदेश मंत्रालय ने कहा था कि नेपाल में फंसे सभी नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए सरकार की ओर से व्यवस्था की जायेगी। इसी व्यवस्था के तहत शुक्रवार को 21 भारतीय नागरिक स्वदेश लौटे थे।

भारत ने अब तक तीन विमानों में कई टन राहत सामग्री काठमांडू भेजी है और उसने नेपाल को हर तरह की मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

 

Next Post

सतना जिले में बाढ़ से भारी क्षति,तत्काल बचाव और राहत पहुंचायें: अजय सिंह

Sat Aug 29 , 2026
सीधी।पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सतना जिले में हो रही लगातार भारी बारिश और उसके कारण उत्पन्न हुए बाढ़ के हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने विशेष रूप से चित्रकूट, बिरसिंहपुर और जैतवारा सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घरों के भीतर पानी घुसने […]

You May Like