आधी रात दो एटीएम तोड़ने की कोशिश

ग्वालियर। आनंद नगर में दरमियानी रात करीब 2:15 बजे एक नकाबपोश बदमाश ने दो एटीएम को निशाना बनाकर लूट की कोशिश की। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार आरोपी सबसे पहले आनंद नगर स्थित स्टेट बैंक के एटीएम में घुसा। शुरुआत में उसने सामान्य तरीके से पैसे निकालने का प्रयास किया। जब पैसे नहीं निकले तो वह अपने साथ लाए हथियार से एटीएम मशीन का लॉक तोड़ने और उसे उखाड़ने की कोशिश करने लगा। करीब 5 मिनट तक वह मशीन से छेड़छाड़ करता रहा। इसी दौरान एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी हरकत रिकॉर्ड हो गई।

बदमाश मशीन तोड़ने में लगा ही था कि तभी सड़क से गुजर रहे पुलिस गश्ती वाहन का सायरन बज उठा। सायरन की आवाज सुनते ही आरोपी घबरा गया और पुलिस के आने के डर से मशीन को वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला।

सूचना मिलने पर बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एटीएम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ ही दूरी पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में भी इसी तरह तोड़फोड़ और लूट का प्रयास किया गया है। पुलिस ने दोनों एटीएम के फुटेज जप्त कर लिए हैं।

बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि एटीएम में तोड़फोड़ का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। करीब 15 मिनट के फुटेज में आरोपी एटीएम मशीन को तोड़ता दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि यह वारदात उसी इलाके में डिलीवरी बॉय की हत्या के करीब 24 घंटे बाद हुई है, जिसमें बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। लगातार दो बड़ी वारदातों से इलाके में दहशत है।

Next Post

मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने घायल काफिला रोककर पुलिस वाहन और एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया

Sat Aug 29 , 2026
दमोह। जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हिनौती के पास सुहेला तोड़ पर एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे थे और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने हादसा देखते ही अपना काफिला रुकवाया। मंत्री ने तत्परता दिखाते हुए घायल को पुलिस वाहन […]

You May Like