पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के छोटे भाई पुलिस हिरासत में 

इंदौर. ब्राउन शुगर तस्करी की जांच के दौरान राजेंद्र नगर पुलिस की पड़ताल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी तक पहुंच गई. दो आरोपियों से पूछताछ में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस ने गुरुवार को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. जांच में मानव गंगवानी का नाम भी सामने आया है. पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए पूछताछ जारी है.

पुलिस ने हाल ही में इरफान खान और रानी भाई को 10.1 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था, दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जब्त की गई ब्राउन शुगर की खेप इंदौर में नाना पटवारी और मानव गंगवानी तक पहुंचाई जानी थी. इस जानकारी के बाद पुलिस ने नाना पटवारी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि नाना पटवारी की भूमिका केवल कथित खरीदार की थी या वह ड्रग नेटवर्क की किसी अन्य कड़ी से भी जुड़ा हुआ है. पुलिस पूरे सप्लाई चैन की पड़ताल कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पहले से प्रकरण दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नाना पटवारी के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, अड़ीबाजी सहित करीब नौ आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं. वर्तमान जांच में पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके.

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक दोनों की जांच…

ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार पैडलर्स से मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे बैकवर्ड और फॉरवर्ड नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर इस रैकेट से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है. इसी सिलसिले में नाना पटवारी से भी पूछताछ की जा रही है.

नरेंद्र सिंह रावत, डीसीपी जोन 1

अभी नाना से मुलाकात नहीं…..

मामले में अभी मेरी नाना पटवारी से मुलाकात नहीं हुई है, इसलिए पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही कुछ कहना उचित होगा. परिजनों की ओर से थाने में आवेदन दिया था कि सुबह से उनका मोबाइल बंद हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है. बाद में पता चला कि पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद ही विस्तृत प्रतिक्रिया दी जाएगी.

 

 

 

जय हार्डिया, अधिवक्ता (नाना पटवारी पक्ष)

Next Post

सुशासन की मंशा के अनुरूप राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करें - कलेक्टर श्री यादव

Thu Jul 9 , 2026
दमोह। सुशासन की भावना के अनुरूप आमजन को त्वरित व पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख सुधार, भूमि चिन्हांकन, भू-अर्जन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की. एडीएम मीना […]

You May Like