शिवपुरी में मिला ​दुनिया दुर्लभ जीव, 60 मिलियन साल से धरती पर मौजूद होने का दावा

शिवपुरी:जिस दुर्लभ वन्यजीव को दुनिया में सबसे ज्यादा अवैध तस्करी का शिकार माना जाता है, वह बीती रात शिवपुरी के नरवर में एक घर के भीतर मिला। करीब रात 10 बजे कोटिया मोहल्ले में अचानक पैंगोलिन के पहुंचने से लोग हैरान रह गए। सूचना मिलते ही सर्पमित्र सलमान पठान और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इस दुर्लभ जीव को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया। नरवर की आबादी में पैंगोलिन का पहुंचना महज एक रेस्क्यू घटना नहीं, बल्कि शिवपुरी के जंगलों में इस दुर्लभ प्रजाति की मौजूदगी का महत्वपूर्ण संकेत भी माना जा रहा है। इसके 60 मिलियन साल से धरती पर मौजूद होने का दावा किया जाता है।

खास बात यह है कि पैंगोलिन आमतौर पर शर्मीला और रात में सक्रिय रहने वाला जीव है तथा इंसानी आबादी से दूर रहना पसंद करता है। ऐसे में उसका जंगल से निकलकर नरवर के कोटिया मोहल्ले में पहुंचना इस संभावना को बल देता है कि आसपास के वन क्षेत्र में पैंगोलिन का प्राकृतिक आवास मौजूद हो सकता है। यदि एक पैंगोलिन यहां मिला है तो वन विशेषज्ञों के लिए यह क्षेत्र में उसकी आबादी और उसके प्राकृतिक आवास की तलाश का विषय बन सकता है।
दुर्लभ जीव का मिलना शिवपुरी के लिए खुशखबरी
पैंगोलिन का शिवपुरी के जंगलों में मिलना वन्यजीव प्रेमियों के लिए निश्चित तौर पर सुखद खबर है। यह जीव पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। यह मुख्य रूप से चींटियों और दीमक को खाकर अपना भोजन प्राप्त करता है। शरीर पर मौजूद कठोर शल्क इसकी सबसे विशिष्ट पहचान हैं। खतरा महसूस होने पर पैंगोलिन अपने शरीर को गेंद की तरह समेट लेता है। सर्पमित्र सलमान पठान के मुताबिक, पकड़ा गया जीव पैंगोलिन है, जिसे स्थानीय स्तर पर ‘चींटीखोर’ भी कहा जाता है। वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया और बाद में जंगल में छोड़ दिया।
दुनिया में सबसे ज्यादा तस्करी किए जाने वाले वन्यजीवों में शामिल
पैंगोलिन की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जितना यह जीव इंसानों से दूर रहना चाहता है, उतना ही इंसान इसकी तलाश में जंगलों तक पहुंचता रहा है। पैंगोलिन को दुनिया में सबसे अधिक अवैध वन्यजीव व्यापार का शिकार होने वाली प्रजातियों में गिना जाता है। अंतरराष्ट्रीय संरक्षण संगठनों के अनुसार, इसके शल्क और मांस के लिए इसकी बड़े पैमाने पर तस्करी की जाती रही है।

Next Post

सरई थाना क्षेत्र के वार्ड-15 में दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, कच्चे मकान को बनाया निशाना

Sat Aug 29 , 2026
सिंगरौली/सरई:सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है।जानकारी के अनुसार राम लल्लू उपाध्याय के कच्चे मकान की दीवार तोड़कर अज्ञात चोर घर के अंदर घुस गए और लाखों रुपये के जेवरात, नकदी व घरेलू सामान पार कर दिया। परिवार […]

You May Like