
जावरा। औद्योगिक क्षेत्र थाना जावरा पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए चोरी की गई कुल 4 मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की है। बरामद किए गए वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 85 हजार रुपये आंकी गई है।
केरवासा और उपलई से हुई थीं चोरिया प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17-18 अगस्त की मध्य रात्रि को ग्राम केरवासा से 2 मोटरसाइकिलें तथा 23-24 अगस्त की मध्य रात्रि को ग्राम उपलई से अज्ञात बदमाशों द्वारा 2 मोटरसाइकिलें चोरी कर ली गई थीं। जिला पुलिस कप्तान अमित कुमार के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार व नगर पुलिस अधीक्षक युवराजसिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी व मनोनित डीएसबी प्रकाश गडरिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध हुलिए के आधार पर आरोपी ग्राम टोकड़ा और लाखाखेड़ी कंजर डेरा (राजस्थान सीमा) की ओर जाते दिखाई दिए। मार्ग में लगे अन्य कैमरों की जांच के बाद पुलिस टीम ने 26 और 27 अगस्त को लाखाखेड़ी कंजर डेरे में दबिश दी। सर्चिंग के दौरान कंजर डेरे के पास स्थित एक खाई की झाडिय़ों में छिपाकर रखी गईं चारों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं। पुलिस अब अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रकाश गडरिया, उनि मोह. अय्यूब खान, उनि रावजी डामोर, प्रधान आरक्षक धीरेंद्र सिंह, प्रआर. शिवपाल सिंह, आरक्षक भूपेंद्र सिंह, आर. कारूलाल, आर. कुलदीप पाटीदार, आर. गोपाल, आर. रविंद्र सिंह व आर. शादाब बेग की विशेष भूमिका रही।
