इंदौर:रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने मायके जाने वाली बहनों के लिए एआईसीटीसीइल 48 घंटे तक इंटरसिटी चार्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है. 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त सुबह 6 बजे तक इंदौर से चलने वाली प्रमुख इंटरसिटी बसों में महिला यात्रियों से किराया नहीं लिया जाएगा.इसका लाभ भोपाल, सागर, उज्जैन, खरगोन, धार, झाबुआ, रतलाम, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, गुना, अशोकनगर और ब्यावरा सहित प्रमुख मार्गों पर मिलेगा।
इन बसों के रोजाना 150 से अधिक फेरे होते हैं. चार्टर बस प्रभारी कैलाश चौहान के मुताबिक, सामान्य दिनों में बसों में 5 से 6 हजार यात्री सफर करते हैं. त्योहारों में यह संख्या 8 से 9 हजार तक पहुंच जाती है. इनमें करीब 40 प्रतिशत महिलाएं होती हैं. ऐसे में रक्षाबंधन के दौरान हजारों महिला यात्रियों को मुफ्त सफर का लाभ मिलने की उम्मीद है. त्योहार के दौरान निजी बसों का किराया बढ़ने के बीच एआईसीटीसीइल की यह सुविधा महिलाओं के लिए आर्थिक राहत मानी जा रही है. हालांकि, शहर में संचालित सिटी बसों में मुफ्त यात्रा को लेकर अभी औपचारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। आदेश के बाद ही इसकी अवधि और नियम स्पष्ट होंगे.
