भोपाल। दिव्यांगजनों की सेवा परमात्मा की सच्ची सेवा है. दिव्यांगजनों को उनकी विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुरूप सभी शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं. उन्हें स्वरोजगार योजनाओं से जोडक़र आत्मनिर्भर बनाएं साथ ही समाज में विशिष्ट स्थान दिलाएं. यह बात संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा बैठक में कही. उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के मैदानी अमले के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए. संचालित वृद्धाश्रमों का नियमित रूप से निरीक्षण, पेंशन योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ हितग्राहियों को दिलवाने उनके खातों का केवायसी कराएं. मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना एवं दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए. बैठक में संयुक्त आयुक्त राजस्व डॉ. विनोद यादव, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग रामविलास सेमिल सहित संभाग के सभी जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे.
