नवविवाहिता की मौत पर सड़क पर उतरा मायका पक्ष

सिंगरौली: जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम परमा में 22 वर्षीय नवविवाहिता सकीना बेगम पत्नी इद्रीश मोहम्मद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद आज बुधवार को मामला उस समय गरमा गया, जब मायका पक्ष ने मौत को लेकर संदेह जताते हुए देवसर तिराहे पर सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 को जाम कर दिया। सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कराई।
मृतका की मां अनीसा बेगम पति मुस्ताक अहमद, निवासी पुरवा जागीर ने पुलिस को बताया कि सकीना की शादी 30 अप्रैल 2025 को ग्राम परमा निवासी इद्रीश मोहम्मद से हुई थी। उसकी करीब दो माह की बच्ची भी है। 25 अगस्त को सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने दामाद के मोबाइल से बेटी से बात की थी। उस समय बेटी ने सब ठीक बताया था। करीब आधे घंटे बाद 11 बजे इद्रीश ने फोन कर सकीना की मौत की सूचना दी। वहीं परिजन करीब दोपहर 1 बजे ग्राम परमा पहुंचे, जहां सकीना मृत अवस्था में मिली। मॉ का कहना है कि बेटी को किसी तरह की बीमारी नहीं थी। उन्होंने नाक से लाल रंग का पदार्थ निकलने की बात भी कही। मौत का कारण पूछने पर दामाद द्वारा कथित रूप से इसे शैतानी हरकत बताए जाने से मायका पक्ष का संदेह और गहरा गया। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

पुलिस कर्मियों के साथ धक्कामुक्की
सड़क जाम की सूचना पर एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी देवसर, जियावन थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम कक्ष ले जाया गया। इधर जाम के दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच एक पुलिस कर्मी के साथ धक्का-मुक्की किए जाने की भी जानकारी सामने आई। पुलिस के सख्त तेवर के बाद स्थिति नियंत्रित हुई और आवागमन बहाल कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Next Post

रक्षाबंधन के गिफ्ट लेकर फरार हुए ड्राइवर को दबोचा

Thu Aug 27 , 2026
इंदौर:रक्षाबंधन के लिए फर्स्टक्राई कंपनी के गिफ्ट पार्सल लेकर देवास नाका रवाना हुआ ड्राइवर वाहन समेत गायब हो गया. शिकायत के बाद तिलक नगर पुलिस ने सीसीटीवी, मोबाइल कॉल डिटेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर 24 घंटे में आरोपी को स्कीम नंबर 140 से पकड़ लिया. उसके पास […]

You May Like