चितरंगी: चितरंगी तहसील के बर्दी स्थित राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह शासकीय बालक छात्रावास में छात्रों की ओर से लगाए गए भोजन व्यवस्था और अभद्र व्यवहार के आरोपों पर 10 दिन बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी है।छात्रों ने छात्रावास अधीक्षक संजय गुप्ता पर निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन व सामग्री उपलब्ध नहीं कराने तथा शिकायत करने पर कथित अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए थे। मामला सामने आने के बाद सहायक आयुक्त एवं जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग रेखा पांचाल ने जांच कराने का आश्वासन दिया था।
छात्रों का आरोप है कि दाल और सब्जी में पानी अधिक रहता है तथा मीनू में शामिल भुना चना, तला चना, मुरमुरे और विशेष डाइट जैसी सामग्री नियमित नहीं मिलती। छात्रों के अनुसार भोजन को लेकर सवाल उठाने पर कथित तौर पर राशि नहीं आने और स्वयं की जेब से भोजन कराने की बात कही गई। ऐसे में विभाग को भोजन मद में जारी राशि, खरीदी, स्टॉक, बिल और भुगतान रिकॉर्ड की जांच करनी चाहिए। अधीक्षक पर लगाए गए अभद्र व्यवहार के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं किसी प्रभावशाली व्यक्ति के संरक्षण की चर्चाओं की भी पुष्टि नहीं है। पूरे मामले में छात्रों से अलग-अलग बयान लेकर छात्रावास का औचक निरीक्षण और अभिलेखों का भौतिक सत्यापन कराने की जरूरत है।
