
भोपाल। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश का गौरव बढ़ाने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मंत्री विजय शाह के विरुद्ध अभियोजन स्वीकृति दिए जाने की मांग को लेकर राज्यपाल को पत्र लिखा है।
सिंघार ने कहा कि मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अभियोजन स्वीकृति मांगी थी, लेकिन राज्य सरकार ने अनुमति देने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने मंत्री को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से सरकार की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि जब जांच एजेंसी स्वयं अभियोजन की अनुमति मांग चुकी है, तो इसे रोकने का आधार क्या है। उन्होंने कहा कि अपने ही मंत्री से जुड़े मामले में सरकार और मंत्रिमंडल द्वारा अभियोजन स्वीकृति से इनकार किए जाने से यह सवाल उठता है कि क्या कानून के तहत मंत्रियों के लिए अलग मापदंड अपनाए जा रहे हैं।
सिंघार ने राज्यपाल से मामले में निष्पक्ष हस्तक्षेप करते हुए कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य सरकार और मंत्रिमंडल को आवश्यक अभियोजन स्वीकृति देने के निर्देश जारी करने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी मंत्री को उसके पद के कारण विशेष संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
