भोपाल। रविशंकर शुक्ल मार्केट और नंबर-5 मार्केट के पुनर्विकास के बाद आवासीय क्षेत्रों में दुकानों की स्थापना के विरोध में शिवाजी नगर रहवासियों ने बुधवार शाम शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं सहित स्थानीय रहवासियों ने मार्च में भाग लिया और सुरक्षा, यातायात तथा क्षेत्र के बदलते स्वरूप को लेकर चिंता जताई।
स्थानीय पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान के नेतृत्व में मार्च माचना कॉलोनी स्थित राजीव गांधी स्कूल से शुरू होकर पेट्रोल पंप के पास नंबर-5 पुलिस चौकी तक पहुंचा। इसमें माचना कॉलोनी और नंबर-5 मार्केट क्षेत्र के बड़ी संख्या में रहवासी शामिल हुए।
कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि आवासीय क्षेत्रों में दुकानें खुलने से वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो गया है। समाजसेवी योगेश साराठे ने आरोप लगाया कि दुकानों के कारण महिलाओं की सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ी हैं और क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतें सामने आ रही हैं।
युवा नेता रवि परमार ने कहा कि शोर, भीड़ और यातायात जाम से रहवासियों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। रहवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से आवासीय क्षेत्रों से दुकानों को हटाने तथा अवैध निर्माण, अतिक्रमण और अनधिकृत भू-उपयोग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कैंडल मार्च भोपाल के आवासीय क्षेत्रों को अनियंत्रित व्यावसायिक गतिविधियों और अतिक्रमण से बचाने के संकल्प का प्रतीक है।
