जबलपुर:बहुत हुई महंगाई की मार का नारा देकर भाजपा ने जनता को गुमराह किया और सरकार में आते ही डीजल, पेट्रोल, शक्कर, प्याज, लहसुन, तेल जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान पर पहुंचा दिये हैं जिससे आज हर घर, हर व्यक्ति परेशान है। सरकार द्वारा जनता पर जबरिया लादी गई इस असहनीय महंगाई ने जहां एक ओर हर घर के बजट बिगाड़ दिये हैं तो वहीं मध्यम और निचले स्तर के व्यापार और कारोबारियों का हाल भी बदहाल करके रख दिया है।
यह बातें कांग्रेस से पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने कहीं। दरअसल आसमान छू रही महंगाई के खिलाफ मंगलवार को पूर्व विधायक विनय सक्सेना के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने विशाल रैली निकाली और भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों सहित महंगाई का मुखर विरोध किया। छोटा फुहारा से प्रारम्भ हुई रैली में सैकड़ों की तादात में कांग्रेसियों सहित आम नागरिक भी शामिल हुए। बरसते पानी में भी पदयात्रा थमी नहीं बल्कि लोगों ने महंगाई को जनता पर सरकारी जुल्म करार देकर पुरजोर विरोध किया और रैली को समर्थन दिया। सुपरमार्केट पहुंचकर रैली का समापन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। इस रैली में कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा, सतीश उपाध्याय,मधु चौधरी, राजेश सोनकर,राजेश तिवारी, सतीश तिवारी, गुड्डू चौबे, मदन लारिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
