
शहडोल। जिले की सोहागपुर जनपद पंचायत के बिजौरी ग्राम पंचायत भवन में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश के बीच भवन की सीलिंग का एक हिस्सा अचानक गिर गया। उस समय पंचायत भवन में कर्मचारी और ग्रामीण काम कर रहे थे, जो बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से टपक रही छत की मरम्मत कराने के बजाय उसके नीचे सीलिंग लगाकर सरकारी राशि खर्च की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत भवन की छत काफी समय से जर्जर है और बारिश में पानी टपकता रहता है।
आरोप है कि छत की मूल समस्या का समाधान करने के बजाय, उसके नीचे सीलिंग लगाकर काम पूरा दिखा दिया गया। अब -बारिश के पानी और नमी के कारण यह सीलिंग कमजोर होकर गिरने लगी है, जिससे सरकारी राशि के उपयोग और कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
