
रीवा, शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं की वह किसी पर भी जानलेवा हमला कर देते है. ताजा मामला शहर के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीटीएल चौराहे का है जहा सिगरेट के पैसे मांगने पर कुछ बदमाशों ने एक दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया. बदमाशों ने दुकानदार को दुकान से बाहर खींचकर लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया. फिलहाल वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
दरअसल चोरहटा क्षेत्र के बीटीएल चौराहे पर संतोष पयासी की किराना व सिगरेट की दुकान है. रोज की तरह वह रात में अपनी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान रात करीब 10 से 11 बजे के बीच कुछ असामाजिक तत्व उनकी दुकान पर पहुंचे. उन्होंने संतोष से सिगरेट ली और जब दुकानदार संतोष पयासी ने उनसे पैसे मांगे, तो बदमाश भडक़ गए. बदमाशों ने गुस्से में चिल्लाते हुए कहा हमारा पैसा कहीं नहीं लगता, बल्कि हमें तो उल्टा लोग गुंडा टैक्स देते हैं इसके बाद उन्होंने विवाद शुरू कर दिया. विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने संतोष पयासी को जबरन दुकान से बाहर खींच लिया. इसके बाद उन पर लोहे की भारी रॉड और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. बदमाशों ने सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई और फरार हो गये. घायल को परिजन संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहा उपचार चल रहा है. लेकिन अभी तक आरोपी नही पकड़े गये है.
