आजादी के आठ दशक बाद भी करमऊ पाल बस्ती नहीं पहुंची सड़क 

सतना, जिले के रामपुर बाघेलान जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम करमऊ की पाल बस्ती में पक्की सड़क की मांग को लेकर मंगलवार को दर्जनों स्कूली छात्र-छात्राएं और अभिभावक कलेक्ट्रेट पहुंचे.जनसुनवाई में ग्रामीणों ने बदहाल रास्ते की व्यथा सुनाते हुए प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि यदि तीन दिनों के भीतर सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो 29 अगस्त को चक्काजाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा.

 

छात्रो के अनुसार बस्ती को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली पक्की सड़क आज तक नहीं बन सकी है.सामान्य दिनों में धूल-मिट्टी और बारिश के मौसम में घुटने तक कीचड़ व जलभराव के चलते यह रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है.इससे ग्रामीणों का रोजमर्रा का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है.

 

स्कूल तक पहुंचना बना चुनौती, पढ़ाई प्रभावित

 

रास्ते की बदहाली का सर्वाधिक खामियाजा स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है.जनसुनवाई में पहुंचे छात्र-छात्राओं ने बताया कि बारिश के दिनों में रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है.कीचड़ के कारण वे न तो समय पर स्कूल पहुंच पाते हैं और न ही नियमित कक्षाएं ले पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई का भारी नुकसान हो रहा है.

 

छात्र छात्राओ ने कलेक्टर से मांग की है कि प्रशासनिक टीम मौके पर भेजकर तत्काल निरीक्षण कराया जाए और सड़क निर्माण का काम शुरू हो. छात्रों की शिकायत और चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.

 

इनका कहना

 

दुर्गेश पाल

ग्रामीण

 

हम ग्राम करमऊ की पाल बस्ती से आए हैं.हमारी बस्ती में कई दशकों से लोग रह रहे हैं, लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी। तहसील, पंचायत और सरपंच तक हर जगह आवेदन दिए, पर सुनवाई नहीं हुई.मजबूरन आज हम कलेक्टर साहब के पास आए हैं. यदि 2-3 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो हम सतना-रीवा मार्ग (ग्राम पंचायत रघुनाथपुर) पर चक्का जाम और धरना प्रदर्शन करेंगे.

 

सोनाक्षी पाल

छात्रा कक्षा चार

 

हम करमउ से आए हैं.हमारे यहां सड़क नहीं बनी है, उबड़-खाबड़ रास्ता है.बारिश के समय स्कूल आने-जाने में बहुत परेशानी होती है और हम स्कूल नहीं जा पाते हैं.हमारी मांग है कि हमारे यहां सड़क बनवाई जाए.

 

नीशू पाल

छात्रा कक्षा 10वीं

 

हमें सड़क की सख्त जरूरत है.सड़क खराब होने के कारण स्कूल जाने में बहुत दिक्कत होती है और लगातार एब्सेंट लग रहे हैं,जिससे हमारी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है. हम 10वीं कक्षा में हैं और इससे हमारा रिजल्ट भी खराब होगा. हम प्रधानमंत्री जी से हाथ जोड़कर निवेदन करते हैं कि हमारे यहां जल्द से जल्द सड़क बनवाई जाए.

 

पूजा पाल

छात्रा कक्षा 11 वी

 

हमारे गांव में रास्ता नहीं है. सड़क न होने की वजह से स्कूल आने-जाने में बहुत परेशानी होती है. जब से बरसात शुरू हुई है, हम सही तरीके से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं.

Next Post

सिगरेट का पैसा मांगने पर दुकानदार पर जानलेवा हमला

Tue Aug 25 , 2026
रीवा, शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं की वह किसी पर भी जानलेवा हमला कर देते है. ताजा मामला शहर के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीटीएल चौराहे का है जहा सिगरेट के पैसे मांगने पर कुछ बदमाशों ने एक दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया. बदमाशों ने […]

You May Like

Play sound