
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश में 10,620 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। बैठक में सिवनी-बालाघाट के बीच 91.64 किमी लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण को मंजूरी देना प्रमुख फैसला रहा। इस परियोजना पर करीब 3,458 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
कैबिनेट ने इसके अलावा 12 नई सड़कों के निर्माण को भी मंजूरी दी। किसानों की सुविधा के लिए फार्मर आईडी अभियान चलाने और खाद की खरीद प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्णय लिया गया। किसानों को WhatsApp के माध्यम से खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी सहमति बनी।
बैठक में ऐसे युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई, जो वर्तमान में पढ़ाई, रोजगार या प्रशिक्षण से नहीं जुड़े हैं। पशुपालन और डेयरी क्षेत्र के साथ दिव्यांग कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए भी बड़ी राशि मंजूर की गई।
वहीं, विजय शाह से जुड़े अभियोजन स्वीकृति के प्रस्ताव पर कैबिनेट में चर्चा नहीं हो सकी। इस मामले में 31 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है।
