बंगलादेश: श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के बीच गाजीपुर में 13 परिधान कारखाने अनिश्चितकाल के लिए बंद

ढाका, 15 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश के गाजीपुर में श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन और अशांति के बीच अधिकारियों ने 13 परिधान कारखानों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की घोषणा की है, जबकि पांच अन्य कारखानों ने रविवार को अवकाश घोषित कर दिया है। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार पुलिस सूत्रों ने बताया कि हालात को काबू में रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए औद्योगिक क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस के अनुसार, कालियाकैर के मौचक क्षेत्र में स्थित कई परिधान कारखानों ने सुबह छुट्टी घोषित कर दी। इसके बाद कार्यस्थलों से बाहर निकले श्रमिकों ने जुलूस निकाला। जब प्रदर्शनकारियों ने ढाका-तंगेल राजमार्ग को जाम करने का प्रयास किया, तो पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें तितर-बितर कर दिया।

मौजूदा स्थिति और बंगलादेश श्रम अधिनियम, 2006 की धारा 13(1) का हवाला देते हुए प्रबंधन ने रविवार, 15 नवंबर से सभी विभागों और शाखाओं में अनिश्चितकाल के लिए कामकाज स्थगित करने की घोषणा की है। कारखाने दोबारा खोलने की तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।

इस अशांति की मुख्य वजह सरकार द्वारा घोषित नई न्यूनतम वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों में व्याप्त असंतोष है। सरकार और बंगलादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन की ओर से संशोधित वेतन की मंजूरी और इसे लागू करने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद, श्रमिक वेतन में और अधिक बढ़ोतरी तथा अपनी अन्य मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। प्रबंधन का यह भी आरोप है कि कुछ बाहरी तत्व श्रमिकों को उकसा रहे हैं, जिसके कारण शांत प्रदर्शन हिंसक झड़पों और कारखानों में तोड़फोड़ में बदल गया।

पुलिस अधीक्षक अमजद हुसैन ने बताया कि सुबह के समय स्थिति सामान्य थी, लेकिन बाद में एक फैक्ट्री के श्रमिक काम शुरू करने के बजाय राजमार्ग पर उतर आए और करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रखा। सड़क खाली कराने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसके बाद सुबह करीब नौ बजे यातायात सामान्य हो सका।

.....

Next Post

अच्छे आचरण का मिला इनाम, जबलपुर केंद्रीय जेल से 3 आजीवन कारावास के बंदी समय से पहले रिहा

Sun Nov 15 , 2026
जबलपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जबलपुर केंद्रीय जेल से तीन आजीवन कारावास के बंदियों को रिहा किया गया। राज्य शासन की विशेष परिहार नीति के तहत इन तीनों बंदियों को अच्छे आचरण और जेल में अनुशासन बनाए […]

You May Like