
सिंगरौली । ऊर्जाधानी में पिछले करीब 10 घंटे से रूक-रूक कर मूसलाधार बारिश ने जन-जीवन को प्रभावित कर दिया है। जिले के अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं और बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो रहे हैं। बैढ़न अंचल के परसौना बलिया नाला एवं कथुरा एवं जरौंधी मार्ग समेत कई नाले उफान पर हैं और आवागमन भी प्रभावित है।
दरअसल जिले में पिछले करीब 10 घंटे पूर्व से रूक-रूक कर हो रही बारिश ने जन-जीवन को प्रभावित किया है। इस बारिश से जहां खेत-तालाब एवं नदी-नाले लबालब भर आएं हैं। वहीं जिले की गोपद एवं सोन नदी से महान, रेण, काचन, देवसर के खाखन नदी का जल स्तर काफी बढ़ गया है। हालांकि अभी खतरे के निशान से नदियां का पानी नीचे है। वहीं परसौना, रजमिलान मार्ग, जरौंधी, कथुरा समेत अन्य नाला भी उफान पर आने के कारण पुलिस ने आवागमन रोक दिया है। उधर बैढ़न के हरदी अस्पताल कॉलोनी परिसर में घुटने तक पानी जमा है। इसी तरह बैढ़न के निचली कॉलोनियों के कई घरों में बारिश का पानी जमा होने से रहवासी परेशान हो गये हैं। फिलहाल जिले में बारिश का क्रम जारी रहा। ऐसे में जिले में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो रहे हैं।
