इंदौर:नेमावर रोड पर प्रभु तौल कांटे के पास बाइक सवार युवक के साथ मारपीट और कथित लूट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. रात करीब 9.30 बजे का बताए जा रहे इस वीडियो में स्कूटर सवार तीन युवक बाइक सवार को घेरकर उसके साथ झूमाझटकी करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद तेजाजी नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
वायरल क्लिप में हेलमेट लगाए बाइक सवार युवक को तीन युवक रोकते दिखाई दे रहे हैं. कुछ देर तक उसके साथ धक्का मुक्की और मारपीट होती है.
इसके बाद युवक को सड़क किनारे ले जाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो के साथ युवक से लूट किए जाने का दावा किया जा रहा है. हालांकि पुलिस के पास अभी तक घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत पहुंचने की जानकारी नहीं है. पुलिस वीडियो की सत्यता और घटना के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है. इसके लिए प्रभु तौल कांटे और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है. पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों के साथ बाइक सवार युवक की पहचान के प्रयास भी कर रही है. पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीडियो में दिखाई दे रही घटना कब की है और युवक के साथ वास्तव में लूट हुई थी या विवाद का कोई दूसरा कारण था
