इंदौर: पोलोग्राउंड में पुलिस वाहन देखते ही भागने की कोशिश कर रहा मंदसौर का बीए अंतिम वर्ष का छात्र ड्रग्स के साथ पकड़ाया. क्राइम ब्रांच ने उसके बैग से 10.01 ग्राम एमडी बरामद की है. जब्त ड्रग्स की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है.क्राइम ब्रांच की टीम एमआर 4 से पोलोग्राउंड होते हुए पावर हाउस के पीछे माल गोदाम की तरफ पहुंची थी. यहां एक युवक पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगा. संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी पहचान रविन्द्र सिंह चौहान निवासी नारायणगढ़, जिला मंदसौर के रूप में हुई. तलाशी के दौरान रविन्द्र के कंधे पर टंगे काले पिट्टू बैग की आगे वाली जेब से पारदर्शी पन्नी मिली.
इसमें एमडी ड्रग्स रखी थी. तौल करने पर वजन 10.01 ग्राम निकला. पुलिस के मुताबिक रविन्द्र के पास मादक पदार्थ रखने या उसके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था. क्राइम ब्रांच ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. शुरुआती पूछताछ में उसके ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी कहां से लाई गई थी और इसे इंदौर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस वाहन देखकर भागने की कोशिश करने वाले युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया था. तलाशी में उसके बैग से एमडी बरामद हुई है. आरोपी से ड्रग्स के स्रोत और उससे जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है.
