रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 316 किलो मावा-मिल्क केक जब्त

भोपाल: रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाते हुए ISBT और नादरा बस स्टैंड पर कार्रवाई की। जांच के दौरान नागपुर से भोपाल लाए जा रहे 150 किलो मावा और 166 किलो मिल्क केक को गुणवत्ता पर संदेह के चलते जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल मात्रा 316 किलो और अनुमानित बाजार मूल्य 78 हजार रुपए है।
नादरा बस स्टैंड पर जांच के दौरान मावा की बुकिंग अरीहंत डेयरी, भोपाल के नाम पर मिली, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई। वहीं 166 किलो मिल्क केक लवली स्वीट्स, सब्जी मंडी, भोपाल के नाम से बुक था, जिसका अनुमानित मूल्य 33 हजार रुपए है।
विभाग ने दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारी सीजन में मावा, मिठाई, मिल्क केक, घी, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की निगरानी बढ़ाने की बात कही है। नागरिकों से भी लाइसेंस प्राप्त और विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की गई है।

Next Post

मैहर में ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार

Mon Aug 24 , 2026
मैहर: नशे के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि विनयका मोहल्ले में एक व्यक्ति अपने घर के बाहर से नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहा है। सूचना पर कोतवाली थाना मैहर […]

You May Like