
इंदौर। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रविवार की छुट्टी का फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में बहनों ने राजवाड़ा और आसपास के बाजारों में जमकर खरीदारी की। रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों के साथ ही कपड़े, मिठाई, उपहार और अन्य सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ नजर आई।
राजवाड़ा क्षेत्र में सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों का आना शुरू हो गया था। दोपहर बाद बाजारों में बहनों की भीड़ बढ़ गई और दुकानदार भी ग्राहकों की पसंद के अनुसार नई डिजाइन और आकर्षक राखियों का कलेक्शन दिखाते नजर आए। रक्षाबंधन को लेकर बाजार में बढ़ती रौनक ने पूरे क्षेत्र को त्योहारमय बना दिया।
