बालाघाट:मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर बैहर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इसी क्रम में जिला सर्व ब्राह्मण समाज, बालाघाट के अध्यक्ष श्री राजेश पाठक के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने विश्राम गृह में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल से सौजन्य भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए बालाघाट जिले में समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान समाज की एकता एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सामाजिक गतिविधियों के विस्तार तथा समाज के हित में शासन स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने सहित अनेक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।भेंट के दौरान जिला सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा बालाघाट नगर में नवनिर्मित ब्राह्मण समाज भवन के संबंध में भी उप मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पधारने का आमंत्रण दिया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आमंत्रण पर विचार करने तथा कार्यक्रम में सहभागिता की संभावनाओं पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने समाज की शैक्षणिक गतिविधियों और छात्र छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति से जुड़े विषय भी उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। साथ ही ब्राह्मण समाज द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित सामाजिक कार्यक्रमों को राज्य स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त बालाघाट जिले के समग्र विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की आवश्यकताओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों की ओर उप मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सामाजिक संगठनों की रचनात्मक भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उचित सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में सर्व ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष प राजेश पाठक सहित अजय मिश्रा,पं. श्री तीरथ प्रसाद द्विवेदी (पुजारी), पं. श्री मिथलेश शुक्ला, पं. श्री प्रदीप त्रिवेदी, पं. श्री अशोक दीक्षित, श्री शशि वाजपेई, पं. निरंजन शर्मा (पुजारी), नंदकिशोर दुबे , आदित्य पंडित, जाबी मिश्रा, निशांत मिश्रा, अन्नपूर्णा तिवारी, पं. राजेश दुबे श्रवण शर्मा (बालाघाट) सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल थे।
इस सौजन्य भेंट को जिला सर्व ब्राह्मण समाज की सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा शासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है
