सीधी : जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को सिहावल एवं बहरी क्षेत्र में स्थित विभिन्न होटल एवं स्वीट्स प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षित भंडारण व्यवस्था की जांच की गई।कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार तथा एसडीएम सिहावल राकेश शुक्ला एवं डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य आपूर्ति अधिकारी स्वर्णा दीवान के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी एवं सहायक आपूर्ति
अधिकारी संदीप तिवारी के संयुक्त दल ने यह कार्रवाई की।
दल द्वारा शारदा होटल, राजस्थान होटल, केशरवानी होटल, राजेश होटल अमिलिया-सिहावल तथा राजस्थान स्वीट्स बहरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता,
रख-रखाव, साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण तथा खाद्य सामग्री की वैधता की जांच की गई। जांच दल द्वारा लड्डू, ड्राई फ्रूट लड्डू एवं मावा के नमूने भी लिए गए। इस दौरान खराब एवं आउटडेटेड खाद्य सामग्री पाए जाने पर उसे नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया गया।
अधिकारियों ने होटल एवं स्वीट्स प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
