जबलपुर: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष कृष्णमूर्ति मिश्रा के मार्गदर्शन में शनिवार को कैंटोमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल और जागृति संस्थान में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान बच्चों को जल और पर्यावरण संरक्षण के साथ अपने कानूनी व संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सचिव शक्ति सिंह ने कहा कि जल का संरक्षण केवल आज की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, पानी की बर्बादी रोकने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। कैंटोमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और वर्षा जल संचयन के महत्व की जानकारी दी गई।
छोटे प्रयास लाते हैं बड़ा बदलाव
बच्चों को बताया गया कि जल की हर बूंद कीमती है और इसके संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं। वहीं, वर्षा के पानी को सहेजने तथा जल अपव्यय रोकने के उपायों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया गया।जागृति संस्थान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शक्ति वर्मा ने बालकों को उनके संवैधानिक एवं बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अपराध का सामना होने पर डरने के बजाय संबंधित प्राधिकारी को सूचना देना चाहिए। शिविर में बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ जागरूक, जिम्मेदार और कानून का सम्मान करने वाला नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया
