
पुलिस ने शुक्रवार को जारी अपडेट में बताया कि हमले में दो किशोर लड़के गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आयी हैं। हमले के बाद इलाके के आठ अन्य स्कूलों में भी सुरक्षा के मद्देनजर लॉकडाउन लागू किया गया था, जिसे बाद में हटा लिया गया। वेस्टमैनलैंड क्षेत्र में हमले के बाद हाई अलर्ट घोषित किया गया था। स्वीडन के सरकारी प्रसारक के अनुसार, संदिग्ध ने हेलमेट पहन रखा था। स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों में उसे स्कूल का पूर्व छात्र बताया गया है। पुलिस ने कहा कि अधिकारी हमले के संभावित मकसद का पता लगाने में जुटे हैं। फिलहाल आम लोगों के लिए किसी तरह का खतरा नहीं है।
स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर हमले को ‘गंभीर घटना’ बताया। उन्होंने कहा, “हम नहीं जानते कि इस कृत्य के पीछे क्या कारण है, लेकिन हम जानते हैं कि पुलिस बेहद गहनता से काम कर रही है।” स्वीडन के राजा कार्ल 16वें गुस्ताफ ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी ‘गहरे दुख और निराशा’ के साथ मिली। उन्होंने एक बयान में कहा, “मेरी संवेदनाएं सीधे तौर पर प्रभावित लोगों, उनके परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं।”
ब्रिनेल स्कूल के विद्यार्थियों ने इसी सप्ताह गर्मी की छुट्टियों के बाद कक्षाओं में लौटना शुरू किया था। शैक्षणिक वर्ष के अनुसार नया सत्र सोमवार या बुधवार से शुरू हुआ था। स्वीडन के सरकारी प्रसारक एसवीटी के अनुसार, स्कूल में करीब 500 विद्यार्थी हैं। यह राजधानी स्टॉकहोम से लगभग 170 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। स्वीडन में हाल के वर्षों में शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाकर कई हमले हुए हैं। वर्ष 2025 में देश में अब तक की सबसे भीषण सामूहिक गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें हमलावर सहित 11 लोगों की मौत हुई थी। यह हमला ओरेब्रो स्थित एक वयस्क शिक्षा केंद्र में हुआ था। इस घटना के बाद स्वीडन सरकार ने देश के बंदूक कानूनों को और कड़ा किया था। जांच में सामने आया था कि हमलावर के पास कानूनी रूप से चार राइफलें थीं, जिनमें से तीन हमले वाले स्कूल में मिली थीं।
