इंदौर: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शिविर में आज अधिकारियों ने जनता की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी. इस दौरान शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही निराकरण भी किया गया. शिविर के साथ अधिकारियों ने क्षेत्र में शासकीय संस्थाओं, विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं का निरीक्षण भी किया. साथ ही सुधार के निर्देश दिए.मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आज विधानसभा 4 के झोन 15 द्रविड़ नगर क्षेत्र में स्थित उषाराजे परिसर, उषा नगर में शिविर लगाया गया. उक्त शिविर में विधानसभा -4 के झोन क्रमांक -2, 12, 14 एवं 15 के सभी वार्ड के रहवासियों की समस्याएं सुनी गईं. शिविर में मौके पर हल होने वाली शिकायतों का निराकरण किया गया.
साथ ही उद्यम संवाद कार्यक्रम के तहत शिवम जैन और कपिल अग्रवाल ने सीधी चर्चा में सफलता के अनुभव साझा किए गए. जनसंवाद के दौरान सीएम हेल्पलाइन, इंदौर 311 ऐप, जल और सड़क संबंधी समस्याओं का निराकरण किया गया. साथ ही नागरिकों के आधार अपडेशन का कार्य भी किया गया. लंबित प्रकरणों के निराकरण के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए. शिविर में कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई. शिविर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी लक्ष्मण गौड़, कलेक्टर शिवम वर्मा, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति सहित जिला प्रशासन, नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
कलेक्टर ने किया बच्चों से संवाद
कलेक्टर शिवम वर्मा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शासकीय मालव कन्या विद्यालय एमओजी लाइन में बच्चियों से चर्चा की. उन्होंने चर्चा में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली. नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्कूल का निरीक्षण किया और परिसर में पौधारोपण भी किया गया.
अधिकारियों द्वारा सरकारी संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया. इस दौरान महूनाका स्थित शासकीय पशु चिकित्सालय, शासकीय उचित मूल्य दुकान, संजीवनी क्लिनिक, वैष्णव पॉलिटेक्निक कॉलेज, आरोग्य अस्पताल, नेत्र अस्पताल, एमओजी लाइन स्थित ब्लड बैंक, स्कीम नंबर-71 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान, महावर नगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, केसरबाग रोड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय तथा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, सेवाओं की गुणवत्ता तथा हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेकर सुधार के निर्देश दिए