एयर इंडिया चीन के लिए 01 फरवरी से शुरू करेगी उड़ान

नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया अगले साल फरवरी से चीन के शंघाई के लिए उड़ान शुरू करेगी।
एयर इंडिया ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 01 फरवरी 2026 से दिल्ली से शंघाई के लिए उड़ान शुरू करेगी। यह सेवा सप्ताह में चार दिन मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध होगी। दिल्ली से विमान दोपहर 12 बजे उड़ान भरेगा और स्थानीय समय के अनुसार रात 8:20 बजे शंघाई पहुंचेगी। वापसी की उड़ान शंघाई से रात 10 बजे (स्थानीय समय के अनुसार) उड़ान भरकर अगले दिन तड़के 3:15 बजे दिल्ली उतरेगी।
इसके अलावा मुंबई और शंघाई के बीच भी अगले साल उड़ान शुरू करने की उसकी योजना है। हालांकि इसके लिए अभी नियामकीय मंजूरियों का इतंजार है।
मार्च 2020 के बाद इस साल अक्टूबर में भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें शुरू हुई हैं। उस समय कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने चीन से आने वाली और चीन को जाने वाली सभी उड़ानों पर रोक लगा दी थी।
एयर इंडिया के नेटवर्क में शामिल होने वाला शंघाई 48वां अंतर्राष्ट्रीय शहर होगा। इस मार्ग पर एयरलाइंस बोइंग 787-8 विमान का संचालन करेगी। इसमें बिजनेस श्रेणी के 18 फ्लैट बेड और इकोनॉमी श्रेणी में 238 सीटें होंगी।
एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक कैम्पबेल विलसन ने कहा कि दिल्ली और शंघाई के बीच उड़ानें दो महान राष्ट्रों, पुरातन सभ्यताओं और आधुनिक अर्थव्यवस्था के केंद्रों के बीच सेतु का काम करेंगी।

Next Post

भारतीय पुरुष हॉकी टीम सुल्तान अजलान शाह कप 2025 के लिए मलेशिया रवाना

Mon Nov 17 , 2025
बेंगलुरु, 17 नवंबर (वार्ता) भारतीय पुरुष हॉकी टीम 23 से 30 नवंबर तक होने वाले 31वें सुल्तान अजलान शाह कप प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सोमवार तड़के बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से मलेशिया के इपोह के लिए रवाना हुई। इस संस्करण में भारत 23 नवंबर को अपने […]

You May Like