जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों से संवाद कर जानी खुरई की कानून-व्यवस्था संबंधी आवश्यकताएं

सागर: सागर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक शशीन्द्र सिंह चौहान द्वारा खुरई के शहरी थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने नगर के जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों से भेंट कर शहर की कानून-व्यवस्था एवं पुलिस व्यवस्था के संबंध में संवाद किया। संवाद के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों ने शहर की कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों से उप महानिरीक्षक को अवगत कराया। साथ ही शहर की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कुछ मूलभूत आवश्यकताओं एवं व्यवस्थाओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया गया।जनप्रतिनिधियों द्वारा सिविल अस्पताल में पुलिस चौकी तथा उपज मंडी स्थित पुलिस चौकी पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती किए जाने की आवश्यकता बताई गई। इसके साथ ही शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे यातायात संकेतकों को दुरुस्त कराने की मांग रखी गई।

पत्रकारों द्वारा दोनों शहरी थानों में पुलिस बल बढ़ाए जाने तथा शहर में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त यातायात पुलिस बल की व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया गया।
उप महानिरीक्षक शशीन्द्र सिंह चौहान ने जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों द्वारा रखे गए सुझावों एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि इन विषयों पर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यकतानुसार सभी मांगों को पूर्ण कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उप महानिरीक्षक द्वारा शहरी थानों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, कंप्यूटर कक्ष, महिला डेस्क, हवालात सहित थाने की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप महानिरीक्षक ने थानों में पदस्थ समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनके कार्यों एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पुलिस बल की हौसला अफजाई करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रोत्साहित किया।उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को उप महानिरीक्षक महोदय द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसामान्य के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Next Post

चीनी की मिठास में मोदी सरकार की नीतियों ने कड़वाहट घोली : खरगे

Sat Aug 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि उसकी नीतियों के कारण त्योहारों से पहले चीनी की मिठास में कड़वाहट घुल गई है। श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर सरकार से […]

You May Like

मनोरंजन