
पथरिया/दमोह।जिले के पथरिया विकासखंड में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के चतुर्थ दिवस बारातघर में आयोजित संवाद- समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं व सेवाओं की जानकारी दी गई तथा प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण की कार्यवाही की गई।प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि विकास का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा सांदीपनि स्कूल के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने तथा किसानों की विद्युत समस्याओं के निराकरण के लिए खराब ट्रांसफार्मर शीघ्र बदलने के निर्देश दिए। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि जनता का विश्वास प्रशासन की सबसे बड़ी पूंजी है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की सेवाओं और योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मैदानी स्तर पर त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करें, उनकी बात सुनें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।
*हितलाभ वितरण से खिले हितग्राहियों के चेहरे*
शिविर में राज्यमंत्री लखन पटेल द्वारा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। संबल योजना के तहत पार्वती गौंड,कटारे बसोड़,शारदा सिंह एवं गुलाब रानी को दो-दो लाख रुपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। हितलाभ प्राप्त कर हितग्राहियों के चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी।विभागीय स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान
शिविर में आधार, समग्र, फार्मर आईडी, खाद्य,कृषि, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं व आवेदन दर्ज किए गए। कलेक्टर ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर लौटे अधिकारियों से जनकेन्द्रित समस्याओं, हितलाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों एवं प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक का आनंद कलादगि भापुसे, एसडीएम निकेत चौरसिया, एसडीओपी प्रिया सिंधी, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
*6 यूनिट रक्त संग्रहित*
जनविश्वास अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा पथरिया में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। जिला ब्लड बैंक की टीम, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की देखरेख में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिविर में पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी व सीबीएमओ डॉ. जतिन दुबे सहित अन्य स्थानीय युवाओं से 6 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस दौरान नागरिकों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
*_गांवों में पहुंचकर कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य व मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा_*
शिविर के बाद कलेक्टर ने ख्वाजाखेड़ी, परसोरिया, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। खोजाखेड़ी में ग्रामीणों ने मुक्तिधाम तक मार्ग एवं ट्रांसफार्मर की समस्या बताई, जिस पर शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए गए। उचित मूल्य की दुकान पर राशन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा राशन देते समय ही पर्ची काटकर मात्रा की जानकारी हितग्राही को देने के निर्देश दिए।उन्होने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में स्वास्थ्य सेवाओं, आंगनवाड़ी में बच्चों के पोषण तथा छात्रावास में भोजन व उपस्थिति व्यवस्था का निरीक्षण किया। निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन की जानकारी लेते हुए सैंपल 24 घंटे सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने परसोरिया स्कूल में कक्षा सातवीं की विज्ञान की मासिक परीक्षा का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने बच्चों से पढ़ाई के संबंध में संवाद किया। कक्षा पहली एवं तीसरी के बच्चों से भी आत्मीय चर्चा की तथा मध्यान्ह भोजन में दाल, रोटी एवं सब्जी की गुणवत्ता देखी। ख्वाजाखेड़ी के स्कूल एवं आंगनवाड़ी में बच्चों को स्नेहपूर्वक फल वितरित किए।
*फिल्टर प्लांट में जल गुणवत्ता की जांच*
कलेक्टर ने फिल्टर प्लांट में जल शोधन एवं स्टोरेज व्यवस्था का निरीक्षण किया। जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित लैब टेस्टिंग की सुविधा विकसित करने तथा जल को अशुद्धियों से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।
*रास्ते में वृद्धा और बच्चों को देखकर रुकवाया वाहन, दिए केले*
शिविर से लौटते समय कलेक्टर ने सड़क किनारे खड़ी वृद्ध महिला एवं बच्चों को देखकर वाहन रुकवाया। उन्होंने आत्मीयता से उनका हाल जाना और केले वितरित किए। उनका यह सहज एवं संवेदनशील व्यवहार जनविश्वास अभियान की मानवीय भावना और जनसेवा के संकल्प को अभिव्यक्त करता नजर आया।
