
मंदसौर। जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को विधायक विपिन जैन ने करीब डेढ़ घंटे तक औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं केंद्रों का जायजा लेने के साथ मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर इलाज, दवाइयों और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर उनकी समस्याएं जानीं। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित मिले डॉक्टर एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
विधायक जैन ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था, मरीजों को दिए जाने वाले भोजन तथा गर्भवती महिलाओं के लिए उपलब्ध कराए जा रहे विशेष आहार की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की ओपीडी, टीकाकरण केंद्र एवं बच्चों के टीकाकरण कार्यक्रम की व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद ओपीडी में पहुंचकर मरीजों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों को जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गरीब-मध्यमवर्गीय मरीजों का रखें विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान विधायक ने चिकित्सकों एवं अस्पताल स्टाफ से कहा कि जिला चिकित्सालय में बड़ी संख्या में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके और उनके परिजनों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि मरीज पहले से ही बीमारी और परेशानी की स्थिति में अस्पताल पहुंचता है, इसलिए अस्पताल में उसे सहयोग और संवेदनशीलता का वातावरण मिलना चाहिए।
सोनोग्राफी व्यवस्था पर भी दिए निर्देश
विधायक ने सोनोग्राफी मशीन के संचालन की स्थिति की जानकारी लेते हुए सिविल सर्जन को मशीन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा संबंधित डॉक्टर को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नि:शुल्क दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाइयों की व्यवस्था भी देखी।
निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद एंबुलेंस के लिए लंबे समय तक इंतजार करने की समस्या भी सामने आई। इस पर विधायक ने सिविल सर्जन को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे महिलाओं को डिस्चार्ज के बाद समय पर उनके निवास तक पहुंचाया जा सके।
कलेक्टर को सौंपेंगे निरीक्षण की रिपोर्ट
विधायक जैन ने निरीक्षण के दौरान सामने आई व्यवस्थागत कमियों एवं मरीजों की समस्याओं की जानकारी एकत्रित की। उन्होंने कहा कि निरीक्षण की रिपोर्ट जिला कलेक्टर को सौंपकर आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग से कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
