निजी स्कूल संचालक ने परीक्षा के दौरान छात्र का सिर फोड़ा, पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की

छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पठापुर रोड के लिटिल फ्लावर स्कूल में कक्षा 8वीं के छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। पीड़ित छात्र अभय राज रावत ने स्कूल संचालक राजेश द्विवेदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्र के अनुसार, वह बोर्ड परीक्षा देने स्कूल गया था और दोपहर करीब 3:30 बजे बाथरूम गया, तभी संचालक ने कथित रूप से सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा।

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्र के पिता बालेंद्र कुमार रावत को सूचना दी कि उनका बेटा बाथरूम में गिरकर घायल हो गया है। हालांकि, छात्र ने पिता को पूरी घटना बताई। परिजनों का आरोप है कि स्कूल संचालक पहले से ही छात्र के पिता पर स्कूल में दोबारा काम करने का दबाव बना रहे थे और मना करने पर बच्चे को परीक्षा में फेल कराने की धमकी दी गई थी।

पीड़ित पिता ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर संचालक के पुत्र ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद सिंह दांगी ने 26 फरवरी दोपहर 12:30 बजे जानकारी दी है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Next Post

वीरेंद्र गुर्जर ने कहा : "हम हैं पक्के कांग्रेसी, गिरफ्तारी क्या, पार्टी के लिए जान भी दे देंगे

Thu Feb 26 , 2026
ग्वालियर। दिल्ली के एआई समिट में हुए शर्टलेस प्रदर्शन के बाद ग्वालियर में यूथ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी का मामला गरमाया हुआ है. दिल्ली पुलिस के हाथों गिरफ्तार हुए ग्वालियर के युवा कांग्रेस नेता राजा गुर्जर के पिता वीरेंद्र गुर्जर का कहना है कि पार्टी के लिए राजा की गिरफ्तारी […]

You May Like