रीवा:जिले में मानसून की गतिविधियों के बीच वर्षा का दौर जारी है. 19 अगस्त को जिले में औसतन 26.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. इस दौरान जिले की अन्य तहसीलों में मिला-जुला असर देखने को मिला. सबसे ज्यादा मेघ जवा तहसील में मेहरबान रहे.आषाढ़ में भले ही झमझम बारिश नही हुई लेकिन सावन के महीने में लगातार बारिश हो रही है. धीरे-धीरे वर्षा का आकड़ा भी बढ़ता जा रहा है. हालाकि अभी बहुत कम बारिश दर्ज की गई है. खासकर त्योंथर तहसील में सबसे कम वर्षा हुई है. दिन भर रिमझिम बारिश होती रही. तहसीलदार महेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि 19 अगस्त को जवा तहसील में 75 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो पूरे जिले में सर्वाधिक है.
इसके अलावा सिरमौर में 35 मिमी, त्योंथर में 23 मिमी और गुढ़ में 22 मिमी वर्षा दर्ज की गई. वहीं सेमरिया में 18 मिमी, रायपुर कर्चुलियान में 17 मिमी, हुजूर में 14 मिमी तथा मनगवां में 6 मिमी वर्षा दर्ज की गई. तहसीलदार ने बताया कि चालू वर्षाकाल में जिले में कुल 329.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है. इस अवधि के दौरान गुढ़ तहसील में सबसे ज्यादा 627 और त्योंथर तहसील में सबसे कम 159 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इस अवधि में तहसील हुजूर में 315.3 मिमी, रायपुर कर्चुलियान में 329.3 मिमी, सिरमौर में 324 मिमी, सेमरिया में 304 मिमी, मनगवां में 222 मिमी और जवा में 358 मिमी वर्षा दर्ज की गई. गत वर्ष इसी अवधि में जिले में 673.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई थी, जिसकी तुलना में इस बार वर्षा का आंकड़ा कम है. उल्लेखनीय है कि रीवा जिले की सामान्य औसत वर्षा 1044.6 मिमी है.
