आमरण अनशन पर बैठे विधायक की हालत बिगड़ी

मुरैना। कैलारस शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे जौरा के कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय की छठवें दिन तबीयत बिगड़ गई है। जानकारी के मुताबिक, लगातार अनशन के चलते उनका ब्लड शुगर 80 से नीचे पहुंच गया, जबकि ब्लड प्रेशर 150/90 दर्ज किया गया। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर विधायक का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

*आंदोलन स्थल पर किसानों और समर्थकों की बढ़ने लगी भीड़*

विधायक की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही आंदोलन स्थल पर किसानों और समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी है। कई समर्थक भावुक नजर आए। किसानों और समर्थकों का कहना है कि उनकी कैलारस शक्कर कारखाने को पुनः शुरू कराने की मांग पूरी की जाए। गौरतलब है कि 15 अगस्त से पंकज उपाध्याय आमरण अनशन पर बैठे हैं। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग कैलारस शक्कर कारखाने को पुनः शुरू करना और उससे जुड़ी हस्तांतरण एवं परिसमापन की कार्रवाई को रद्द करना है।

वहीं, आंदोलन को लेकर संघर्ष समिति ने 22 अगस्त को संपूर्ण मुरैना जिला बंद का आह्वान किया है। विधायक की लगातार बिगड़ती सेहत के बीच अब सभी की नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है। फिलहाल सवाल यही है कि क्या सरकार विधायक की मांगों पर कोई ठोस निर्णय लेकर आंदोलन समाप्त कराने की पहल करेगी?

Next Post

18.18 करोड़ की सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई

Thu Aug 20 , 2026
ग्वालियर। गुरुवार को जिला प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई कर राजस्व अनुविभाग झांसी रोड के अंतर्गत ग्राम बाराघाटा क्षेत्र में स्थित बेशकीमती लगभग 0.606 हेक्टेयर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। राजस्व, पुलिस एवं नगर निगम के संयुक्त दल ने कार्रवाई करते हुए सर्वे क्रमांक 62 में स्थित इस […]

You May Like