कार की टक्कर से एक्टिवा सवार युवक ब्रिज से नीचे गिरा, मौत

जबलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने एक्टिवा सवार युवक को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि युवक हवा में उछलकर सीधे ब्रिज से नीचे जा गिरा। ऊंचाई से सड़क पर गिरने के कारण युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, प्रमोद कुमार दास निवासी मदन महल, करोंदा नाला बायपास स्थित एक शराब दुकान में काम करता था। रोज की तरह बीती रात भी वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद एक्टिवा से वापस अपने घर लौट रहा था। प्रमोद जैसे ही कोतवाली थाना अंतर्गत आने वाले फ्लाईओवर ब्रिज से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार के चालक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि प्रमोद वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। एक्टिवा ब्रिज पर ही क्षतिग्रस्त हो गई और प्रमोद रेलिंग को पार करते हुए सीधे फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। रात का समय होने के कारण जब तक लोग मदद के लिए नीचे पहुंचे, प्रमोद दम तोड़ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार कार की पहचान कर आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Next Post

बस किराया बढ़ने से छात्रों की पढ़ाई पर संकट

Thu Aug 20 , 2026
छतरपुर। मध्यप्रदेश में बस किराए में बढ़ोतरी के बाद ग्रामीण क्षेत्रों से आकर पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं की परेशानी बढ़ गई है। छात्रों का कहना है कि बढ़े किराए के कारण रोजाना कॉलेज आना-जाना मुश्किल हो रहा है और कई छात्रों के सामने पढ़ाई छोड़ने तक की स्थिति बन रही […]

You May Like