
भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को भोपाल में आयोजित ‘सोशल मीडिया डायलॉग-कॉफी विद स्टेट प्रेसिडेंट’ कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से संवाद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। इस लक्ष्य को जनआंदोलन बनाने में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।
खण्डेलवाल ने कहा कि सोशल मीडिया अब केवल मनोरंजन और सूचना के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों की राय, व्यवहार और सामाजिक दिशा को प्रभावित करने वाला सशक्त माध्यम बन चुका है। ऐसे में युवाओं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को इसकी शक्ति का उपयोग सकारात्मक बदलाव और राष्ट्र निर्माण के लिए करना चाहिए।
उन्होंने इन्फ्लुएंसर्स से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि एक पोस्ट, वीडियो या रील कुछ ही समय में लाखों लोगों तक पहुंच सकती है। इसलिए सोशल मीडिया के माध्यम से देश की उपलब्धियों, युवाओं की सफलता, स्टार्टअप, तकनीक, शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जानी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया की हर पोस्ट और संदेश में भारत के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2047 का विकसित भारत केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी से ही संभव होगा। सोशल मीडिया की शक्ति को सकारात्मक दिशा देकर युवा विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी, चंबल संभाग प्रभारी आयुष शर्मा सहित सोशल मीडिया के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
