साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल सिम का नेटवर्क पकड़ा, तीन गिरफ्तार

इंदौर: फर्जी और संदिग्ध सिम के जरिए दूसरे राज्यों में साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क की जांच में क्राइम ब्रांच को बड़ी कड़ी मिली है. चार मोबाइल नंबरों की पड़ताल में महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में दर्ज शिकायतों से 84.58 लाख रुपए की ठगी का कनेक्शन सामने आया. सिम उपलब्ध कराने के मामले में क्राइम ब्रांच ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) और राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से मिली संदिग्ध सिम और एजेंटों की जानकारी के आधार पर की. जांच के दौरान यशवंत निवास रोड स्थित मालवा मिल के पास राऊत कलेक्शन पर इस्तेमाल हो रहे मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई गई.

40 वर्षीय दुकान संचालक राजेन्द्र राऊत की भूमिका संदिग्ध मिलने के बाद जांच आगे बढ़ाई गई. जांच में दुकान से जुड़े चार मोबाइल नंबर सामने आए. इन नंबरों पर जारी सिम की जानकारी खंगालने पर पता चला कि इनका इस्तेमाल साइबर अपराधों में हुआ है. सिम जारी कराने और इन्हें दूसरे लोगों तक पहुंचाने की कड़ी में आनंद वासरे उम्र 22 साल और सूरज सिंह उम्र 24 साल की भूमिका भी सामने आई. इसके बाद तीनों को गिरफ्तार किया है. क्राइम ब्रांच ने चार संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायतों से मिलाई. इसमें महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में दर्ज साइबर फ्रॉड की शिकायतों में इन नंबरों से जुड़े मामलों में 84 लाख 58 हजार 499 रुपए की धोखाधड़ी सामने आई.

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि सिम किसके नाम पर जारी हुए, उन्हें किसने हासिल किया और साइबर ठगी करने वालों तक कैसे पहुंचे. गिरफ्तार आरोपियों से सिम उपलब्ध कराने वाले अन्य लोगों, बैंक खातों और पैसों के लेन-देन के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है. दूसरे राज्यों की पुलिस से भी जानकारी साझा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. मामले में डीसीपी क्राईम राजेश त्रिपाठी का कहना है कि चार संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच में महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के साइबर फ्रॉड मामलों से कनेक्शन मिला है. सिम उपलब्ध कराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.

Next Post

एमडी ड्रग्स केस में फरार आरोपी गिरफ्तार सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

Wed Aug 19 , 2026
इंदौर: 20.84 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद सामने आए एक आरोपी को लंबे समय तक फरार रहने के बाद क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. पुलिस अब उससे ड्रग्स की सप्लाई और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर […]

You May Like