‘सरकार सच्चाई से मुंह मोड़ रही है’, रिजिजू के बयान पर राहुल कर पलटवार

नयी दिल्ली 18 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई का बचाव करने वाले बयान को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है।

श्री गांधी ने कहा कि सरकार के मंत्री कह रहे हैं कि “दिल्ली पुलिस की तारीफ करनी चाहिए”, लेकिन संसद से महज आधा किलोमीटर दूर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित रूप से पैलेट गन और कील लगी लाठियों का इस्तेमाल किया गया। इस कार्रवाई में एक बच्चे की आंख चली गयी और एक बच्ची का कान कट गया। उन्होंने सवाल किया कि “क्या इस बर्बरता की तारीफ करनी चाहिए?” उन्होंने कहा कि वह स्वयं घायल छात्रों से मिले हैं और देश ने इस घटना से जुड़े हजारों वीडियो देखे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार का मूल मंत्र “असत्य और हिंसा” है। उन्होंने कहा कि पहले बच्चों पर लाठी चलाओ और फिर कह दो कि कुछ हुआ ही नहीं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूरे सत्र में श्री शाह “लापता” रहे और विपक्ष से भागते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अब तक छात्रों से माफी नहीं मांगी है। उन्होंने कहा कि देश के बच्चों से झूठ नहीं बोलना चाहिए, क्योंकि “उनके पास आंखें हैं और याददाश्त भी।”

उल्लेखनीय है कि एक साक्षात्कार में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, छात्रों के प्रदर्शन के दौरान “एक भी व्यक्ति को चोट नहीं लगी। किसी एक व्यक्ति की भी हड्डी नहीं टूटी। यहां तक कि एक भी प्रदर्शनकारी गंभीर चोट के साथ अस्पताल में भर्ती नहीं है।”

 

 

Next Post

शासन व्यवस्था को तेजी से बदल रही हैं एआई, क्वांटम, साइबर सुरक्षा और डिजिटल तकनीकें : जितेंद्र सिंह

Tue Aug 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्वांटम तकनीक, साइबर सुरक्षा और डिजिटल उपकरण शासन व्यवस्था को तेजी से बदल रहे हैं। डॉ. ह ने मंगलवार को लेटरल एंट्री के माध्यम से नियुक्त संयुक्त सचिव, निदेशक और उप सचिव […]

You May Like