इंदौर:कनाड़िया थाना क्षेत्र के झलारिया गांव में सोमवार रात पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति ने पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी अपने 10 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे को लेकर हिंगोनिया गांव के पास पहुंचा और दोनों बच्चों को तालाब में फेंक दिया. बेटा किसी तरह तालाब से बाहर निकल आया, जबकि बेटी की डूबने से मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.झलारिया गांव में रहने वाले सुनील पिता रामावतार चौहान उम्र 37 साल का सोमवार रात पत्नी अनीता बाई उम्र 32 साल से विवाद हुआ था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्नी के अन्य लोगों से बातचीत करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ.
विवाद बढ़ने पर सुनील ने अनीता पर चाकू से हमला कर दिया. महिला के शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं, वहीं प्रारंभिक जांच में गला घोंटने की बात भी सामने आई है. पत्नी की हत्या के बाद आरोपी दोनों बच्चों माही उम्र 10 साल और अजय उम्र 8 साल को अपने साथ लेकर हिंगोनिया गांव के पास तालाब पहुंचा. यहां उसने दोनों बच्चों को तालाब में फेंक दिया था. अजय किसी तरह पानी से बाहर निकल आया. इसी दौरान गश्त कर रही कनाड़िया थाना क्षेत्र की एफआरवी टीम को वह मिला. बच्चे ने पुलिसकर्मियों को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने सुनील को झलारिया गांव से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने पत्नी पर हमला करने और बच्चों को तालाब में फेंकने की बात बताई.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अनीता का शव बरामद किया. इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को तालाब में सर्चिंग के लिए बुलाया गया. पूरी रात चले तलाशी अभियान के बाद माही का शव भी तालाब से बरामद कर लिया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए रातभर पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर मौजूद रही. एसीपी खजराना, कनाड़िया थाना प्रभारी और पुलिस टीम के साथ एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस आरोपी से हत्या और बच्चों को तालाब में फेंकने के पीछे की वजह को लेकर पूछताछ कर रही है.
ड्राइवरी करता है आरोपी, किराए के मकान में रहता था परिवार
सुनील ड्राइवरी का काम करता है. वह पत्नी और दोनों बच्चों के साथ कुछ समय पहले ही बापू गांधी नगर, लसूड़िया से झलारिया में किराए के मकान में रहने आया था. उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य बापू गांधी नगर में रहते हैं. सुनील का परिवार मूल रूप से देवास जिले के कांटाफोड़ का रहने वाला है और करीब 17-18 साल से इंदौर में रह रहा है. अनीता भी देवास जिले के कांटाफोड़ की रहने वाली बताई गई है.
दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस करेगी खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आरोपी से पूछताछ और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. पुलिस जल्द ही मंगलवार दोपहर बाद इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेगी. इसमें हत्या के कारण, घटनाक्रम और आरोपी से पूछताछ में सामने आए अन्य तथ्यों की जानकारी दी जाएगी.
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, प्रारंभिक पूछताछ में पत्नी की हत्या और दोनों बच्चों को तालाब में फेंकने की बात सामने आई है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौ
