उत्कृष्ट कार्य करने वाले 24 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित

अलीराजपुर, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में जिले की पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्य करने वाले 24 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपराध नियंत्रण, जघन्य अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी, उत्कृष्ट अनुसंधान, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर जागरूकता, पुलिस बल प्रबंधन एवं तकनीकी कार्यों में प्रभावी योगदान के लिए इन पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने तथा उनके मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से कुल 24 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाने की अनुशंसा की गई थी। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में इन सभी को सम्मानित किया गया।

 

पदोन्नति प्रक्रिया को समय-सीमा में पूर्ण कराने में महत्वपूर्ण भूमिका

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल, एसडीओपी अलीराजपुर श्री शक्तिसिंह एवं सहायक उप निरीक्षक-अ राकेश बामनिया, स्थापना प्रभारी द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

 

सामूहिक दुष्कर्म-डकैती के आरोपियों की गिरफ्तारी में सफलता

एसडीओपी जोबट श्री आशुतोष एवं थाना प्रभारी बोरी निरीक्षक नेपालसिंह चौहान ने ग्राम बड़ी सूड़ी के सामूहिक दुष्कर्म एवं डकैती प्रकरण में आरोपियों की पतारसी एवं गिरफ्तारी तथा वारंट तामीली में उल्लेखनीय कार्य किया।

 

वहीं निरीक्षक शिवराम तरोले, थाना प्रभारी आजादनगर ने थाना क्षेत्र में हुई करीब 22 लाख रुपये की डकैती के अज्ञात आरोपियों की पतारसी एवं गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

निरीक्षक विजय वास्कले, थाना प्रभारी जोबट तथा आरक्षक विशाल धरवाल एवं आरक्षक प्रमोद, साइबर सेल ने कस्बा जोबट में हुई करीब 19 लाख रुपये की चोरी के आरोपियों की पतारसी एवं गिरफ्तारी में सराहनीय कार्य किया।

 

इसी क्रम में निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे, थाना प्रभारी उदयगढ़ एवं उप निरीक्षक पवन वास्केल, चौकी प्रभारी कानाकाकड़ द्वारा उदयगढ़ थाना क्षेत्र में हुई डकैती/लूट के अज्ञात आरोपियों की पतारसी एवं गिरफ्तारी में उल्लेखनीय योगदान दिया गया।

 

चिन्हित हत्या एवं पॉक्सो मामलों में उत्कृष्ट अनुसंधान

निरीक्षक सोनू सितोले, थाना प्रभारी अलीराजपुर ने चिन्हित हत्या के प्रकरण में उत्कृष्ट एवं प्रभावी अनुसंधान कर आरोपी को न्यायालय से सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

उप निरीक्षक मोहन डावर, थाना प्रभारी आंबुआ ने चिन्हित हत्या के अपराध में प्रभावी अनुसंधान कर आरोपी को न्यायालय से सजा दिलाने में उल्लेखनीय कार्य किया।

 

इसी प्रकार उप निरीक्षक सपना रावत, रक्षित केंद्र द्वारा महिला संबंधी पॉक्सो एक्ट के प्रकरण में उत्कृष्ट अनुसंधान कर आरोपी को न्यायालय से सजा दिलाने में सराहनीय योगदान दिया गया।

 

महिला सुरक्षा एवं पुलिस बल प्रबंधन में योगदान

उप पुलिस अधीक्षक टी.सी. पंवार, महिला सुरक्षा शाखा द्वारा महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों के पर्यवेक्षण तथा महिला अपराधों के नियंत्रण के लिए चलाए गए जनजागरूकता अभियानों में सराहनीय कार्य किया गया।

 

वहीं उप पुलिस अधीक्षक इनोद रंधावा, रक्षित केंद्र ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्कृष्ट अनुशासन बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए आवश्यक पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

शानदार परेड के लिए पुलिस अधिकारियों को सम्मान

रक्षित निरीक्षक/परेड कमांडर श्री बंशीलाल कनौजे एवं सहायक परेड कमांडर उप निरीक्षक दिलीप चंदेल ने जिला पुलिस बल की उत्कृष्ट परेड का सफल नेतृत्व किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस बल की प्रभावी एवं अनुशासित परेड के लिए उनके योगदान को भी सम्मानित किया गया।

 

“हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” बना पुलिस नवाचार

सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में सहायक उप निरीक्षक जयवीरसिंह, चौकी प्रभारी सेजावाड़ा द्वारा चलाए गए पुलिस नवाचार “हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” ने यातायात नियमों एवं हेलमेट के उपयोग के प्रति आमजन में जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

साइबर अपराध एवं नशामुक्ति के खिलाफ जागरूकता

प्रधान आरक्षक दिलीप चौहान, साइबर सेल प्रभारी तथा आरक्षक राहुल एवं आरक्षक नागरसिंह ने साइबर जनजागरूकता अभियान “सेफ क्लिक” एवं नशामुक्ति अभियान के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों से बचाव तथा नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

 

तकनीकी क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य

तकनीकी कार्यों में सहायक उप निरीक्षक रूपेश अवास्या, अवकाश प्रभारी द्वारा Electronic Human Resource Management System (e-HRMS) के अंतर्गत जिला पुलिस अलीराजपुर के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का डाटाबेस अपलोड एवं अद्यतन करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।

 

पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह की इस पहल से उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही जिले में बेहतर पुलिसिंग, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति पुलिस बल का मनोबल और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।

Next Post

सिंधु जोरदार जीत के साथ दूसरे दौर में

Mon Aug 17 , 2026
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने सोमवार को आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेम में हराकर महिला सिंगल्स के दूसरे राउंड में आसानी से जगह बनाते हुए, ऐतिहासिक छठे वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल के लिए अपनी दावेदारी की शानदार शुरुआत की। नौवीं वरीयता […]

You May Like