
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) बैंक ऑफ इंडिया (न्यूज़ीलैंड) लिमिटेड ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘बीओआईएनजेड – फ्रीडम’ ऐप पेश किया है। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित एक विशेष समारोह में इस एप्लिकेशन का औपचारिक उद्घाटन ऑकलैंड स्थित भारत के महावाणिज्य दूत ने किया। बैंक ऑफ इंडिया के मूल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजनीश कर्नाटक ने वीडियो संदेश के माध्यम से समारोह को संबोधित किया। बैंक ऑफ इंडिया वर्ष 2011 से अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बीओआई (एनजेड)एल के माध्यम से न्यूज़ीलैंड में सेवाएं दे रहा है। ऑकलैंड तथा पापाटोएटोए में इसकी दो शाखाएं हैं।
श्री कर्नाटक ने कहा कि 12 दशकों से अधिक की विरासत के साथ बैंक ऑफ इंडिया ने विश्वास, ग्राहक सेवा और दीर्घकालिक संबंधों के आधार पर अपनी प्रतिष्ठा बनायी है। फ्रीडम का लॉन्च बैंक की इस प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि वह अपनी विश्वसनीय विरासत को आधुनिक डिजिटल तकनीक के साथ जोड़कर ग्राहकों को उनके बैंकिंग अनुभव में अधिक सुविधा, विकल्प और नियंत्रण प्रदान करे।
इस ऐप के माध्मयम से ग्राहक न्यूजीलैंड के भीतर और न्यूजीलैंड से भारत धन भेज सकेंगे। बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण और सुरक्षित एम-पिन लॉगइन से ग्राहकों के धन की सुरक्षा सुनिश्चित की गयी है। इसी ऐप पर टीडीएस (स्रोत पर कर कटौती) प्रमाणपत्र और बैंक खाते का विवरण डाउनलोड किया जा सकेगा। ग्राहक अपने भुगतान का शिड्यूल भी कर सकेंगे।
