आईएसआई समर्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क के 200 सदस्य गिरफ्तार

नयी दिल्ली 17 अगस्त (वार्ता) सुरक्षा एजेन्सियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेन्सी आईएसआई समर्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कई राज्यों में एक साथ की गयी कार्रवाई में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर बड़े आतंकी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। गृह मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि सीमा-पार आतंकवाद को बिल्कुल भी बर्दाश्त ने करने की सरकार की नीति के अंतर्गत 14 राज्यों में 253 लोग हिरासत में लिए गए हैं और इस नेटवर्क के खिलाफ 80 से अधिक प्राथमिकी दर्ज कर 200 से अधिक गिरफ्तारियां की गई हैं।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले आईएसआई समर्थित आतंकी समूह ‘शहज़ाद भट्टी नेटवर्क’ को खत्म कर दिया और 200 से ज़्यादा सदस्यों को गिरफ़्तार कर उसके खतरनाक हमलों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग जगह पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त किया, जो आतंकवाद के प्रति भारत की ‘ज़ीरो-टॉलरेंस’ नीति का एक बेहतरीन उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि आईएसआई से राशि पाने वाले इस समूह के पास से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई, जिसमें आईईडी, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले सीसीटीवी कैमरे शामिल थे। यह नेटवर्क कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था। शाहजाद भट्टी नेटवर्क पाकिस्तान स्थित,आईएसआई द्वारा समर्थित आतंकी सिंडिकेट है जो भारत में ग्रेनेड,आईईडी और पेट्रोल बम हमलों तथा ‘टारगेटेड किलिंग’ में शामिल है। यह नेटवर्क स्थानीय सहयोगियों को पैसे देकर पुलिस, रक्षा और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था और जासूसी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाता था।

स्वतंत्रता दिवस के आसपास नेटवर्क से जुड़ी संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए 12 अगस्त को राज्य पुलिस बलों के साथ खुफिया जानकारी साझा करने वाली प्रणाली के जरिए समन्वित बहु-राज्यीय अभियान चलाया गया। इसमें 14 राज्यों में 253 लोगों को हिरासत में लिया गया – उत्तर प्रदेश (62), हरियाणा (52), दिल्ली (51), पंजाब (44), राजस्थान (15), महाराष्ट्र (8), उत्तराखंड (5), कर्नाटक, गुजरात और बिहार (3-3) तथा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल(2-2)। साथ ही दिल्ली और कर्नाटक में नई प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं।

अब तक इस नेटवर्क के खिलाफ यूएपीए , बीएनएस , आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज हैं। पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्टल, कारतूस और जासूसी वाले सीसीटीव कैमरे बरामद होने से इस नेटवर्क के सीधे सीमा-पार संबंधों की पुष्टि होती है। सुरक्षा एजेंसियों ने दोहराया है कि इस नेटवर्क को देशभर में खत्म करने के लिए समन्वित कार्रवाई जारी रहेगी।

.....

Next Post

मोटरसाइकिल सवार दो युवकों से 20 किलो गांजा बरामद

Mon Aug 17 , 2026
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के कैंट थाना क्षेत्र पुलिस ने 20 किलो 356 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर 02 आरोपियो को गिरफ्तार किया है। थाना कैंट पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति रेलवे स्टेशन रोड की ओर से फोरलेन होते हुए भैंसा बायपास की […]

You May Like