
ग्वालियर। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने आज रविवार की रात ग्वालियर व्यापार मेला कार्यालय में ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह एवं मेला सचिव एस.बी. त्रिपाठी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में ग्वालियर व्यापार मेला परिसर के विकास, वर्षभर उपयोगिता बढ़ाने तथा परिसर को निरंतर आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा मेला प्राधिकरण को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ग्वालियर व्यापार मेला परिसर का उपयोग केवल वार्षिक व्यापार मेले तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे वर्ष विभिन्न आयोजनों एवं प्रदर्शनियों के माध्यम से परिसर को सक्रिय रखा जाए।
*हर दो माह में आयोजित हों विभिन्न मेले*
तोमर ने निर्देश दिए कि मेला परिसर की वर्षभर उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक दो माह में अलग-अलग विषयों एवं क्षेत्रों से संबंधित मेले आयोजित किए जाएं। इनमें व्यापार, उद्योग, हस्तशिल्प, ऑटोमोबाइल, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, महिला उद्यमिता, रोजगार, शिक्षा एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनियों को शामिल किया जा सकता है।
इस पहल से न केवल मेला परिसर में लगातार गतिविधियां बनी रहेंगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों, लघु उद्योगों, कारीगरों, उद्यमियों एवं आम नागरिकों को भी एक बड़ा व्यावसायिक मंच उपलब्ध होगा।
*मेला विकास का प्रस्ताव शासन को भेजा जाए*
बैठक में नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर व्यापार मेले के समग्र विकास के लिए विस्तृत प्रस्ताव मध्यप्रदेश शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला परिसर के भविष्य के विकास, आधारभूत सुविधाओं, नवीन निर्माण, आधुनिक सुविधाओं, व्यापारिक गतिविधियों एवं वर्षभर के उपयोग को ध्यान में रखते हुए एक समग्र विकास प्रस्ताव तैयार किया जाए तथा उसकी एक प्रति उन्हें भी उपलब्ध कराई जाए। इससे ग्वालियर व्यापार मेले को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करते हुए राष्ट्रीय स्तर के स्थायी व्यापार एवं प्रदर्शनी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
*सावन मेले का भी किया भ्रमण*
बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में आयोजित सावन मेले का भ्रमण किया। उन्होंने मेले में विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों का अवलोकन किया तथा मेले में उपलब्ध मनोरंजन एवं अन्य सुविधाओं का आनंद लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने नायग्रा वाटरफॉल का भी आनंद लिया और वहां पानी की टिक्की का स्वाद लिया। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर के साथ भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, अशोक जैन प्रदेश कार्य समिति सदस्य तथा अन्य सैंकडों कार्यकर्ताओं के साथ मेला घूमे।
*सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने मोहा मन*
सावन मेले के भ्रमण के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों द्वारा दी गई मनमोहक प्रस्तुतियों की विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने जमकर सराहना की। नन्हे कलाकारों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार प्रस्तुतियों को देखकर श्री तोमर ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक मंच बच्चों की प्रतिभा को निखारने और हमारी संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उपस्थित दर्शकों ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की खूब सराहना की और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
