
ग्वालियर। केरल के सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत न गाए जाने और कांग्रेस मुख्यालय के एक कार्यक्रम में इसके पूर्ण गायन पर खड़े हुए विवाद के विरोध में रविवार की शाम ग्वालियर में जोरदार सियासी ड्रामा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय का घेराव कर दिया।
भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक वाचन करने लगे। इस प्रदर्शन की अगुआई ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी कर रहे थे।
दूसरी ओर से नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी दफ्तर के बाहर निकल आए।कांग्रेसियों ने भी बैरिकेड के पार से वंदे मातरम् का गायन शुरू कर दिया। भाजपा के अचानक पहुंचे हुजूम और प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस दफ्तर पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था कर दी है।
