जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत ग्राम औरिया स्थित एक राइस मिल में बीती रात चोरों ने फैक्ट्री की पिछली दीवार तोड़कर धावा बोला और करीब 20 बोरी चावल चोरी कर रफूचक्कर हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नेपियर टाउन, ओमती निवासी सिद्धांत जैन (41) की ग्राम औरिया में सात्विक फूड प्रोसेसर्स यूनिट-2 नाम से धान दराई की फैक्ट्री है। बीती रात करीब 12 बजे से ढाई बजे के बीच फैक्ट्री के भीतर रोजाना की तरह काम चल रहा था।
उस वक्त मिल के अंदर 7 से 8 कर्मचारी भी मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने गोदाम के पीछे के हिस्से को निशाना बनाया। चोरों ने पीछे लगी लोहे की खिड़की के ठीक नीचे की दीवार को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दीवार के सहारे रखी 50-50 किलोग्राम वजन वाली करीब 18 से 20 बोरी चावल पार कर दिया। चोरी की इस वारदात का पता सुबह चला, जब फैक्ट्री के गार्ड अजय पाठक ने सुबह करीब 7:30 बजे गोदाम का निरीक्षण किया। दीवार टूटी और चावल की बोरियां गायब देख उसने तुरंत इसकी सूचना मोबाइल पर संचालक सिद्धांत जैन को दी। संचालक ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और माढ़ोताल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
