केजरीवाल ने मोदी को बताया घबराया हुआ प्रधानमंत्री

नयी दिल्ली, 15 अगस्त (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें घबराया हुआ बताया है।

श्री केजरीवाल ने लाल किला की प्राचीर से प्रधानमंत्री के भाषण की एक क्लिप एक पर साझा करते हुए उन्हें निशाने पर लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को आत्मविश्वास की कमी से जूझता, घबराया हुआ और अस्थिर प्रधानमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि जेन-जी के बाद अब जेन-अल्फा ने अपनी आवाज उठानी शुरू कर दी है। देश भर से खबरें आ रही हैं कि छोटे-छोटे बच्चे अपने स्कूलों को ठीक कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सड़क पर उतर रहे हैं। हमीरपुर में बच्चों ने अपने स्कूल के सामने की सड़क बनवाने के लिए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। देहरादून में बच्चे अपने हक के लिए लड़ रहे हैं। बाड़मेर में बच्चे शिक्षक की मांग कर रहे हैं और इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह बहुत अच्छी बात है।

उन्होंने कहा, “आजादी के 75-80 साल बाद भी आज सरकारी स्कूलों का बहुत बुरा हाल है। गरीबों के बच्चे सरकारी स्कूलों में जाते हैं क्योंकि उनके पास पैसे नहीं होते। सरकारी स्कूल टूटे पड़े हैं, दीवारें टूट रही हैं और छतें गिर रही हैं। बारिश होती है तो क्लासरूम के अंदर पानी भर जाता है। स्कूलों में टॉयलेट नहीं हैं, पीने का पानी नहीं है और टीचर्स नहीं हैं। कोई पढ़ाई नहीं हो रही है और बच्चों का कोई भविष्य नहीं है। हमने यह स्वीकार कर लिया है कि सरकारी स्कूल तो ऐसे ही होते हैं, जबकि ऐसा नहीं है। अगर हम अपनी आवाज नहीं उठायेंगे, तो चीजें कैसे बदलेंगी?”

आप नेता ने कहा , “दिल्ली में आप की सरकार बनी, तो हमने वहां सरकारी स्कूलों को शानदार कर दिया। अब पंजाब में हमारी सरकार है, तो हमने वहां भी स्कूलों को शानदार बना दिया है। दिल्ली और पंजाब के सरकारी स्कूलों को जाकर देखिए, वहां के बच्चे अब नीट और जेईई दे रहे हैं, इंजीनियर और डॉक्टर बन रहे हैं। हम सबको मिलकर अपने हक की आवाज उठानी पड़ेगी और संघर्ष करना पड़ेगा, तभी सिस्टम बदलेगा।”

 

 

Next Post

ईरानी नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र बनाने के ट्रंप के दावे का उड़ाया मजाक

Sat Aug 15 , 2026
तेहरान, 15 अगस्त (वार्ता) ईरान के नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे का मजाक उड़ाया है, जिसमें उन्होंने ईरान को हराने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने की बात कही थी। ईरानी नेताओं ने कहा हैकि यह रणनीतिक जलमार्ग हमेशा ईरान का हिस्सा रहेगा। […]

You May Like