कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा

सीधी।देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीधी कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर विकास मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से भर उठा।

इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता का सम्मान तभी सार्थक है, जब हम अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए देश एवं समाज के विकास में योगदान दें।

कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शासकीय सेवा आमजन की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण को प्राथमिकता दें। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय एवं टीम भावना के साथ जिले के विकास और जनकल्याण के कार्यों में जुटे रहने का आह्वान किया।

ध्वजारोहण समारोह में उपस्थित शासकीय सेवकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा अपने शासकीय दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Next Post

गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस 

Sat Aug 15 , 2026
छिंदवाड़ा, दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में गरिमामय एवं भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्री उदय प्रताप सिंह जी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। आयोजित समारोह में जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह, […]

You May Like