
यरुशलम, 15 अगस्त (वार्ता) फिलिस्तीन में 28 नवंबर को होने वाले संसदीय चुनावों की तैयारियों के तहत शनिवार को कब्जे वाले पश्चिमी तट में मतदाता पंजीकरण और मतदाता आंकड़ों को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी। केंद्रीय चुनाव आयोग के अनुसार, पंजीकरण केंद्र शनिवार सुबह खुले और बुधवार शाम तक खुले रहेंगे। आयोग ने ऐसे पात्र फिलिस्तीनियों से पंजीकरण कराने की अपील की है, जो अभी मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हैं। पहले से पंजीकृत मतदाताओं से आवश्यक होने पर अपनी जानकारी अपडेट करने को कहा गया है। आयोग ने कहा कि मतदाता पंजीकरण चुनाव की तैयारियों में महत्वपूर्ण कदम है। निर्धारित चुनाव पश्चिमी तट और गाजा पट्टी के अलावा यरुशलम में भी होंगे। आयोग के अनुसार, 17 वर्ष या उससे अधिक आयु के फिलिस्तीनी मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं।
वर्तमान पंजीकरण और मतदाता आंकड़े अपडेट करने की प्रक्रिया केवल पश्चिमी तट के लिए है। आयोग के अनुसार, गाजा पट्टी में मतदाताओं का पंजीकरण फिलिस्तीनी नागरिक रजिस्टर में उपलब्ध जानकारी के आधार पर स्वतः किया जाएगा। 28 नवंबर को होने वाला चुनाव वर्ष 2006 के बाद पहला फिलिस्तीनी विधायी चुनाव होगा। यह चुनाव फिलिस्तीनी गुटों के बीच लंबे समय से जारी राजनीतिक विभाजन और गाजा में विनाशकारी युद्ध के बाद हो रहा है। इन चुनावों को फिलिस्तीनी संस्थाओं को फिर से सक्रिय करने और उनकी राजनीतिक वैधता बहाल करने की कोशिश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हमास के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य हुसाम बदरान ने बुधवार को कहा था कि उनका संगठन “सबसे व्यापक संभव राष्ट्रीय गठबंधन” के तहत चुनाव में हिस्सा लेगा। फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने नौ जुलाई को एक आदेश जारी कर 28 नवंबर को विधायी चुनाव कराने की तारीख तय की थी। राष्ट्रपति चुनाव 2027 की पहली तिमाही में होने की उम्मीद है। इसकी तारीख की घोषणा अलग से की जाएगी। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 26 सितंबर से सात अक्टूबर तक अपना पंजीकरण करा सकेंगे। चुनाव प्रचार छह नवंबर से शुरू होगा और मतदान से तीन सप्ताह पहले तक चलेगा।
